प्रेम विवाह की सजा: बहन के फैसले से नाराज़ भाई ने जीजा की ली जान
पंचकूला में एक युवक की उसके ही साले द्वारा निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक शिवम ने लगभग तीन महीने पहले एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से युवती का भाई, जिसका नाम भी शिवम है, बेहद नाराज़ था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। मृतक और मुख्य आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के हरदोई के निवासी थे और कभी एक-दूसरे के करीबी दोस्त भी रह चुके थे।
यह घटना आज सुबह की है, जब शिवम अपनी मां को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 छोड़कर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-19 के गोलचक्कर के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे उसके साले और उसके साथी ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवम को सेक्टर-6 के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी फिलहाल पंचकूला और जीरकपुर इलाके में रह रहे थे और फूड डिलीवरी का काम करते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, क्राइम सीन टीम और संबंधित थाना व चौकी की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। एक टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और लगातार पीछा करते हुए करीब दो घंटे के भीतर उन्हें जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल किया गया गंडासा भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को अब अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि आगे की पूछताछ की जा सके।
