चंडीगढ़ में बिल्डर की कोठी के बाहर प्रदर्शनः बिजली-पानी काटने पर भड़के लोग, पुलिस के दखल के बाद सप्लाई की बहाल
Oplus_131072
चंडीगढ़ में पानी और बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। सेक्टर-5 स्थित बिल्डर भारत मित्तल की कोठी के बाहर बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। आरोप है कि जीरकपुर की एक सोसाइटी के निवासियों का पानी और बिजली कनेक्शन अचानक काट दिया गया, जिससे परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, जीरकपुर के PR-7 एयरपोर्ट रोड स्थित सुषमा वेलेंशिया सोसाइटी के निवासी बलराम सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि वीरवार शाम को बिना किसी पूर्व सूचना के उनके घरों की बिजली और पानी सप्लाई बंद कर दी गई। इससे छोटे बच्चों सहित पूरे परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद शुक्रवार को वो सभी इक्ट्ठा होकर चंडीगढ़ स्थित बिल्डर की कोठी में बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि सोसाइटी में करीब 900 मकान हैं, जिनमें से लगभग 650 मकानों में लोग रह रहे हैं। फिलहाल बिल्डर की ओर से जनरेटर के जरिए बिजली सप्लाई दी जा रही थी। सरकारी बिजली कनेक्शन के लिए पंजाब बिजली विभाग में काफी समय पहले फाइल जमा करवाई गई थी, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। निवासी पिछले करीब 4 साल से इस समस्या से जूझ रहे हैं। इसे लेकर कई बार सोसाइटी के लोगों की ओर से बिल्डर से बात की जा चुकी है, लेकिन उनका जवाब होता है कि जल्द मिल जाएगा, लेकिन इसकी वजह से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस स्टेशन सेक्टर-3 की टीम मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर संजीव ने पुलिस बल के साथ स्थिति को संभाला और प्रदर्शन कर रहे लोगों तथा बिल्डर के बीच बातचीत करवाई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया।
पुलिस के अनुसार, निवासियों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। फिलहाल बिल्डर से बात कर पानी और बिजली की सप्लाई दोबारा चालू करवा दी गई है। पुलिस ने कहा कि अगर भविष्य में दोबारा ऐसी समस्या आती है तो मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
