संसद सत्र: प्रियंका गांधी ‘मोदी-अडाणी एक हैं’ लिखा बैग लेकर पहुंचीं सदन; कांग्रेस सांसदों का हंगामा, कार्यवाही स्थगित

संसद के शीतकालीन सत्र के 11वें दिन मंगलवार (10 दिसंबर) को एक बार फिर सदन में अडाणी का मुद्दा गर्म रहा। संसद परिसर में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी समेत दूसरे विपक्षी नेता ‘मोदी-अडाणी एक हैं’ लिखा बैग लेकर पहुंचे। बीजेपी नेता किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। सुबह 11 बजे जैसे ही संसद की कार्यवाही शुरू हुई कांग्रेसी नेता अडाणी मुद्दे पर हंगामा करने लगे।
शोर शराबे के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगिति कर दी। उधर, राज्यसभा में भी कांग्रेस सांसदों ने हंगाम किया। जिसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने विपक्ष पर सदन बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष कामकाज में बाधा डाल रहा है।”
बता दें कि सोमवार(9 दिसंबर) को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कांग्रेस नेताओं पर जॉर्ज सोरेस से संबंधों के आरोप और चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला। राज्यसभा में विपक्ष ने सभापति पर पक्षपात के आरोप लगाए।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद परिसर में अनोखा प्रदर्शन किया। वह “मोदी-अडाणी भाई-भाई” लिखे नारे वाले बैग के साथ पहुंचीं। कांग्रेस सांसदों ने अडाणी मामले को लेकर संसद में चर्चा की मांग की। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार हर बार बहस से बचती है और विपक्ष की मांगों को अनसुना करती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारा जाे भी प्रदर्शन हो रहा है, वह सदन के बाहर ही हो रहा है। सरकार खुद नहीं चाहती कि सदन की कार्यवाही चले।