हरियाणा में समय से पहले बढ़ी गर्मी, 28 फरवरी से बदलेगा मिजाज, हल्की बूंदाबांदी संभव
हरियाणा में फरवरी के आखिरी सप्ताह में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. प्रदेश का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 3.5 डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार नूंह में सबसे अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. हिसार में 30.8 डिग्री, नारनौल में 30.5 डिग्री और भिवानी में 30.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. रोहतक में 28.7 डिग्री और गुरुग्राम में 29.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. फरवरी में ही 30 डिग्री पार पहुंचना इस बात का संकेत है कि इस बार गर्मी जल्द दस्तक दे रही है.
28 फरवरी से बदलेगा मिजाज: मौसम विभाग के मुताबिक 27 फरवरी को मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, लेकिन 28 फरवरी से आंशिक बादल छाने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा. हालांकि दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है, लेकिन बादलवाई के कारण धूप की तीव्रता में कमी आ सकती है. इससे लोगों को दोपहर की तपिश से थोड़ी राहत मिल सकती है.
न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर: प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है. औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह सामान्य से लगभग 2.3 डिग्री अधिक रहा. सोनीपत जिले के सारंगथल में सबसे कम 9.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. हिसार में 10.9 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 10.4 डिग्री और भिवानी में 12.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी, जबकि दिन में गर्मी का असर फिलहाल जारी रहेगा.
