नयागांव की एकमात्र सरकारी डिस्पेंसरी बंद होने से जनता को परेशानी का सामना :- विनीत जोशी

नयागांव की एकमात्र सरकारी डिस्पेंसरी बंद होने से जनता को परेशानी का सामना :- विनीत जोशी
जोशी ने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि नई सरकार डिस्पेंसरी को अपग्रेड करेगी, लेकिन उलटे उसे बंद कर दिया गया
विशाल शर्मा
नयागांव। दशमेश नगर में साल 2016-17 से चल रही सरकारी डिस्पेंसरी से क्षेत्र के निवासी लंबे समय से अपना इलाज करवा रहे थे और इस सुविधा का लाभ उठा रहे थे। लोगों को उम्मीद थी कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद इस डिस्पेंसरी को एक बड़े अस्पताल में तब्दील कर दिया जाएगा, लेकिन हुआ इसका उलट। बड़ा अस्पताल तो दूर, जो डिस्पेंसरी चल रही थी, उसे भी बंद कर दिया गया। यह बात पंजाब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विनीत जोशी ने कही।
जोशी ने बताया कि सीनियर सिटीजन सोसाइटी, रजि. नयागांव के सदस्यों के प्रयासों से 2016-17 में यह डिस्पेंसरी शुरू हुई थी। इसके खुलने से स्थानीय लोगों, खासकर गरीब तबके को मुफ्त दवाइयाँ और इलाज की सुविधा मिल रही थी। यहाँ हर तरह के टेस्ट होते थे और गंभीर मरीजों को एडमिट करके दवाइयाँ व टीके लगाकर ठीक किया जाता था।
उन्होंने बताया कि डिस्पेंसरी में 8 कर्मचारी सेवाएँ दे रहे थे। एक डॉक्टर 2023 में रिटायर हुए और दूसरे को अक्टूबर 2024 में हटा दिया गया। इसके बाद नए डॉक्टर की नियुक्ति नहीं हुई और बाकी कर्मचारियों को भी दूसरी जगह तबादला कर दिया गया। अब डिस्पेंसरी पूरी तरह बंद हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोग सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित हो गए हैं।
जोशी ने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि नई सरकार डिस्पेंसरी को अपग्रेड करेगी, लेकिन उलटे उसे बंद कर दिया गया। अब लोगों को महंगे निजी डॉक्टरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी को 2027 के चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।