यात्रीगण कृपया ध्यान दें: पंजाब से जम्मू जाने वाली कई रेलगाड़ियां मई तक रद्द, वैष्णो देवी यात्रियों को होगी परेशानी
भारतीय रेलवे ने जम्मू जाने वाली लगभग 15 ट्रेनों को मई तक रद्द कर दिया है और 10 को शॉर्ट-टर्मिनेट किया है। पुलों की मरम्मत के कारण यह अवधि 30 मई तक बढ़ाई गई है, जिससे माता वैष्णो देवी के भक्तों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी होगी।
कई प्रमुख ट्रेनें जैसे वंदे भारत एक्सप्रेस प्रभावित हैं। इसके अतिरिक्त, कई अन्य ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, कठुआ और माधोपुर स्टेशनों के बीच पड़ने वाल पुल नंबर 17, एमसीटीएम उधमपुर चक रकवाल स्टेशन के बीच पड़ने वाले पुल नंबर 163 और पठानकोट व कंदरोड़ी के बीच स्थित पुल नंबर 137 और 232 की मुरम्मत का काम चल रहा है।
इस वजह से वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा 22439-40 व वंदे भारत एक्सप्रेस अमृतसर-कटड़ा 26405-06 को 30 मई तक, काठगोदाम-जम्मू 12207 को 2 जून तक), जम्मू-काठगोदाम 12208 को 31 मई तक, गाजीपुर श्री माता वैष्णो देवी 14611 को 29 मई तक, श्री माता वैष्णो देवी गाजीपुर 14612 को 28 मई तक, सूबेदारगंज श्री माता वैष्णो देवी 22431 को 30 मई तक, श्री माता वैष्णो देवी सूबेदारगंज 22432 को 31 मई तक, कालका-माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस 14503-02 को 30 मई तक, जनभूमि एक्सप्रेस भावनगर से उधमपुर 19107-08 को 30 मई तक और दिल्ली उधमपुर एसी 22401-02 को 30 मई तक रद्द किया गया है।
वहीं, दुर्ग-उधमपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 12549-50 को जालंधर कैंट तक, जम्मू मेल अभी तक अंबाला कैंट तक, साबरमती जम्मूतवी 19223-24 को फिरोजपुर तक, साबरमती-कटड़ा एक्सप्रेस 19415-16 को अमृतसर तक मई के अंत तक चलाया जाएगा।
दूसरी तरफ रेल गाड़ियों के देरी से आने की वजह से यात्रियों को परेशानियां हुई। क्योंकि रेल गाड़ियां अपने निर्धारित समय से आधे घंटे से लेकर पांच-पांच घंटे तक की देरी से पहुंची। इस कारण यात्रियों को स्टेशन पर ही बैठे रहना पड़ा।
इनमें अमृतसर क्लोन स्पेशल 12 घंटे, उधमपुर सुपरफास्ट साढ़े पांच घंटे, मालवा एक्सप्रेस पौने पांच घंटे, पूजा एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा सुपरफास्ट सवा चार घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस चार घंटे, अर्चना एक्सप्रेस पौने चार घंटे, गोल्डन टैंपल एक्सप्रेस, लोहित एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, हीराकुंड एक्सप्रेस पौने तीन घंटे, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सवा दो घंटे, शालीमार एक्सप्रेस, संभलपुर एक्सप्रेस दो घंटे, दुर्गियाना एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस पौने दो घंटे, अमृतसर स्वर्ण जयंती शताब्दी एक्सप्रेस, हेमकुंट एक्सप्रेस, सरयु यमना एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, हावड़ा मेल सवा एक घंटा, शान ए पंजाब एक्सप्रेस, लुधियाना छेहरा एमईएमयू, पश्चिम एक्सप्रेस एक घंटा, अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस पौना घंटा और पठानकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस आधा घंटा देरी से पहुंची।
