पानीपत: CRPF की वर्दी में शराब तस्करी, ‘पुलिस’ लिखे कैंटर से 502 पेटी शराब जब्त, 2 गिरफ्तार

0

हरियाणा के पानीपत में पुलिस ने सुरक्षा बलों की पहचान का गलत इस्तेमाल कर शराब तस्करी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सेक्टर-40 की पार्किंग में छापेमारी कर एक कैंटर से 502 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है. इस मामले में पुलिस ने CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की वर्दी पहने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी पहचान पत्र के सहारे पुलिस को चकमा दे रहे थे.

डीएसपी (हेडक्वार्टर) सतीश वत्स ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई 18 फरवरी की शाम को की गई. CIA-1 के ASI अनिल कुमार की टीम टोल प्लाजा के पास गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि नीले रंग के एक कैंटर (HR68A0753) में भारी मात्रा में अवैध शराब भरी है और यह कैंटर सेक्टर-40 की पार्किंग में खड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने आबकारी निरीक्षक अरविंद डागर को मौके पर बुलाया और संयुक्त रेड की.

रेड करने पहुंची टीम ने देखा कि कैंटर के आगे बड़े अक्षरों में ‘पुलिस’ लिखा हुआ था. जब पुलिस ने कैंटर की तलाशी ली, तो अंदर दो युवक अर्धसैनिक बल (CRPF) की वर्दी पहनकर आराम कर रहे थे. पूछताछ के दौरान उन्होंने राजिन्द्र सिंह और सुखविन्द्र सिंह के नाम के CRPF के पहचान पत्र दिखाए. लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों टूट गए और पता चला कि उनके आईकार्ड फर्जी थे.

  • मोनू (निवासी खोजकीपुर, बापौली, पानीपत): यह आरोपी फर्जी आईकार्ड के सहारे खुद को ‘राजिन्द्र सिंह’ बता रहा था.
  • संदीप (निवासी आटा, समालखा, पानीपत): यह आरोपी खुद को ‘सुखविन्द्र सिंह’ बताकर कैंटर में बैठा था.

आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पुलिस की नाकेबंदी और चेकिंग से बचने के लिए यह शातिर तरीका अपनाया था ताकि वर्दी देखकर कोई उन पर शक न करे. आबकारी निरीक्षक की मौजूदगी में जब कैंटर का पिछला हिस्सा खोला गया, तो उसमें 502 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर भरी हुई पाई गई. तस्करों ने शराब की पहचान छिपाने के लिए बोतलों से बैच नंबर तक खुरच कर हटा दिए थे.

पुलिस ने कैंटर, भारी मात्रा में शराब, फर्जी आईकार्ड और CRPF की वर्दी को जब्त कर लिया है. पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धारा 61/4/20 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 319(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *