शिक्षिका हत्या मामले को लेकर विपक्षी दलों ने हरियाणा सरकार पर साधा निशाना

0

विपक्षी दलों ने ‘प्लेस्कूल’ की 19 वर्षीया शिक्षिका की हत्या को लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत हरियाणा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह हत्या भाजपा के शासन में कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने का सबूत है। मनीषा का शव 13 अगस्त को भिवानी जिले के सिंघानी गांव के एक खेत में मिला था। उसकी गला काटकर हत्या की गई थी। उसके परिवार के सदस्यों ने पुलिस पर मामले में शिकायत दर्ज करने में देरी करने का आरोप लगाया और हत्यारे की गिरफ्तारी होने तक उसका अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मनीषा 11 अगस्त को स्कूल से निकलकर पास के एक नर्सिंग कॉलेज में गई थी, लेकिन वह घर नहीं लौटी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को सैनी ने शिक्षिका की हत्या के मामले में भिवानी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) का तबादला करने और पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश दिया था।

रविवार शाम कुरुक्षेत्र के थानेसर अनाज मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए सैनी ने कहा कि मनीषा राज्य की बेटी है और उसे और उसके परिवार को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। सैनी ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है और अपराध में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सैनी ने कहा कि उन्हें नियमित अंतराल पर पुलिस से अपडेट मिल रहे हैं और मामले के संबंध में कई व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। कांग्रेस महासचिव और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि इस हत्या ने पूरे देश को झकझोरकर रख दिया है। उन्होंने एक बयान में कहा, यह न केवल एक जघन्य अपराध है, बल्कि राज्य में कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने का भी एक स्पष्ट सबूत है। सैलजा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मनीषा का परिवार मदद के लिए पुलिस के पास गया, तो उसने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा, पुलिस ने यह कहकर मामले को टाल दिया कि ‘लड़की भाग गई होगी, वह खुद ही वापस आ जाएगी।’ अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो शायद मनीषा आज ज़िंदा होती।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *