चंडीगढ़ के सेक्टर-35 में कनाडा से आई एक एनआरआई महिला का महंगा मोबाइल फोन गुम होने का मामला सामने आया है। करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का iPhone 17 Pro Max बैंक के बाहर से अचानक लापता हो गया। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर मोबाइल फोन को मोहाली के खरड़ से बरामद कर लिया।
कनाडा निवासी पुनीत इंद्रप्रीत किसी काम से सेक्टर-35 स्थित ICICI बैंक पहुंची थीं। बैंक से बाहर निकलने के कुछ समय बाद जब वह सेक्टर-42 पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि उनका मोबाइल फोन गायब है। फोन में मौजूद जरूरी डाटा और उसकी ऊंची कीमत को लेकर वह घबरा गईं और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और थाना-36 की पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ट्रेस करना शुरू कर दिया। जांच के दौरान फोन की लोकेशन मोहाली के खरड़ इलाके में मिली, जो लगातार बदल रही थी। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में सर्च अभियान चलाया।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रोककर पूछताछ की, जिसकी गतिविधियां मोबाइल की लोकेशन से मेल खा रही थीं। शुरुआत में युवक ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसे फोन सड़क पर पड़ा मिला था और आसपास कोई न होने के कारण वह उसे अपने पास रख लिया।
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि युवक ने मोबाइल चोरी नहीं किया था, बल्कि उसे मिला हुआ फोन अपने पास रखा था। इसके बाद पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। वहीं, महिला ने भी मोबाइल वापस मिलने के बाद किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया।
महिला ने बताया कि उनके मोबाइल में महत्वपूर्ण दस्तावेज और जरूरी डाटा मौजूद था, जिसकी कोई बैकअप कॉपी नहीं थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके माता-पिता सेक्टर-44 में रहते हैं और वह कनाडा से भारत अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए पैसे जुटाने आई थीं। इसी सिलसिले में वह सोना बेचने के लिए बैंक पहुंची थीं।