‘अब आप पानी पीकर दिखाएं’, CM नायब सैनी का केजरीवाल को चैलेंज; कहा- हरियाणा में यमुना साफ दिल्ली में हाल खराब

यमुना नदी के पानी का आचमन करने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राजधानी में राजघाट के पास जाकर यमुना का पानी पीने की चुनौती दी है।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा की ओर से दिल्ली की तरफ जाने वाला पानी पूरी तरह से शुद्ध होता है, लेकिन दिल्ली में सरकार इस पानी को सुरक्षित नहीं रख पाती होगी और उसमें गंदे नालों का पानी छोड़ दिया जाता है।
केजरीवाल ने नायब सिंह सैनी को जवाब देते हुए कहा कि दिल्ली की सीएम आतिशी ने जहरीले पानी के मुद्दे पर नायब सैनी से फोन पर बात की थी, लेकिन तब भी उन्होंने कुछ नहीं किया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी दिल्ली विधानसभा के चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने दिल्ली की सीमा से सटे सोनीपत के अंतिम गांव दाहिसरा में पल्ला घाट पर जाकर यमुना नदी के पानी का अचमन किया था।
उनसे पहले सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने इसी पानी का आचमन करते हुए दिल्ली सरकार के यमुना के पानी में हरियाणा द्वारा जहर छोड़े जाने के आरोपों की काट की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली में राजघाट के पास जाएं। वहां यमुना बह रही है। राजघाट दिल्ली के मध्य का हिस्सा है। केजरीवाल को राजघाट के पास यमुना का पानी पीकर और उस पानी में नहाकर दिखाना चाहिए।
सैनी ने कहा कि हरियाणा से होते हुए यमुना का पानी जहां से दिल्ली में प्रवेश करता है, वह उस स्थान पर जाकर पानी पी चुके हैं। हरियाणा की ओर से जाने वाला पानी पूरी तह से स्वच्छ है, लेकिन वे हरियाणा द्वारा यमुना के पानी में जहर मिलाने की अफवाह फैलाकर दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
नायब सैनी के इस बयान पर अरविंद केजरीवाल ने भी पलटवार किया है। केजरीवाल ने कहा कि यमुना नदी में जब अमोनिया का स्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा था तो आतिशी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को कई बार फोन किया।आतिशी के फोन पर नायब सैनी ने कहा कि कुछ करता हूं, लेकिन कुछ नहीं किया और फिर आतिशी का फोन उठाना बंद कर दिया। जब अमोनिया का स्तर सात तक पहुंचा तो आतिशी को जहरीले पानी की बात को लेकर सबके सामने आना पड़ा।अगर इस पानी का क्लोरिनेशन हो जाता तो यह जहरीला नहीं होता। जबसे हमने ये मुद्दा उठाया है, तब से अमोनिया कम हो गया है। आज यमुना में अमोनिया की मात्रा तीन तक पहुंच गई है।