अब गूगल मैप पर दिखेगी चंडीगढ़ की सड़कों की स्पीड लिमिट, चालकों को होगी सहूलियत

0

शहर की सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। जल्द ही शहर की प्रमुख और आंतरिक सड़कों की स्पीड सीमा सीधे गूगल मैप पर देखी जा सकेगी। इसके लिए यूटी ट्रैफिक पुलिस ने गूगल इंडिया के सहयोग से व्यापक सर्वे की तैयारी की है। इस सर्वे में मध्य मार्ग, दक्षिण मार्ग, पूर्व मार्ग और सेक्टरों के अंदर की सड़कों को शामिल किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद हर सड़क के लिए तय की गई अधिकतम गति सीमा गूगल मैप पर अंकित होगी। दरअसल, हाल ही में ट्रैफिक पुलिस ने लेप्टन सॉफ्टवेयर और गूगल इंडिया के साथ मिलकर 1100 से अधिक सड़क खंडों का स्पीड मैपिंग सर्वे कराया था। इस दौरान कई खामियां सामने आईं। 1131 लिंक रोड में से 637 स्थानों पर बोर्ड और रिकॉर्ड में अंतर पाया गया, 178 स्थानों पर कोई स्पीड बोर्ड नहीं था, वहीं 175 जगहों पर दोपहिया वाहनों के लिए अलग सीमा का बोर्ड नहीं मिला। अधिकारियों का कहना है कि पुराना डेटा अब अप्रासंगिक हो चुका है, इसलिए नए सिरे से सर्वे कर वास्तविकता के मुताबिक स्पीड सीमा तय की जाएगी।

नए प्लान के तहत अब पूरे शहर में गति सीमा को मानकीकृत किया जाएगा। विभाजक वाली सड़क (ड्यूल कैरिजवे) पर अधिकतम 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलना होगा। बिना विभाजक वाली सिंगल सड़क पर 50 किलोमीटर प्रतिघंटा और सेक्टरों के भीतर की आंतरिक सड़कों पर 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की सीमा लागू होगी। इन आंकड़ों को अपडेट कर गूगल मैप पर उपलब्ध कराया जाएगा ताकि हर चालक को तुरंत जानकारी मिल सके। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गूगल मैप पर गति सीमा दिखने से यह वाहन चालकों के लिए हर समय एक तरह की याद दिलाने वाली सुविधा होगी। इससे न केवल लोग नियमों का पालन करेंगे बल्कि तेज रफ्तार से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। यह कदम खासतौर पर रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों, शहर घूमने आने वाले पर्यटकों और डिलीवरी सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगा।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *