नीतीश कुमार ने किया CM पद छोड़ने का ऐलान, कहा-राज्यसभा सांसद बनना मेरी इच्छा थी
बिहार के सीएम नीतीश कुमार को लेकर पिछले 24 घंटों से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी. ऐसा कहा जा रहा था कि वे सीएम पद छोड़कर राज्यसभा जाएंगे. इन सभी अटकलों पर अब खुद सीएम नीतीश का बयान सामने आ गया है. इसमें उन्होंने भी साफ कर दिया है कि वे अब राज्यसभा जा रहे हैं. अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने CM पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है.
नीतीश कुमार ने लिखा है कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं. बिहार की नई सरकार को मेरा सपोर्ट रहेगा.
बिहार में चल रही सियासी सरगर्मी के बीच नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है. आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है.
आगे लिखा कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं.
नीतीश ने कहा कि मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा. जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा.
