विकसित भारत के अमृत काल में सेवा और गरीब कल्याण के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विजन डॉक्यूमेंट लॉन्च करेंगे नायब सैनी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 साल भी नौ जून को ही पूरे होने जा रहे हैं। इन 11 सालों में सिर्फ सत्ता नहीं बदली, बल्कि देश के विकास की परिभाषा और दिशा दोनों बदले हैं। मोदी सरकार के नेतृत्व में जो भी क्रांतिकारी बदलाव हुए, उनमें हरियाणा की भाजपा सरकार का पूरा सहयोग है। जिस तरह से केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है, उसी तरह से हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। ऐसा पहली बार हुआ, जब राज्य में लगातार तीसरी बार किसी दल की सरकार बन पाई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नौ जून को चंडीगढ़ में विकसित भारत का अमृत काल-सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल नाम के एक पुस्तिका का विमोचन करने जा रहे हैं, जो केंद्र सरकार के 11 सालों के कामों पर आधारित है। अपने 11 साल के कार्यकाल में जिस तरह से पीएम मोदी की सरकार ने देश व समाज के हित के फैसले लिए हैं, उसी तर्ज पर हरियाणा की भाजपा सरकार ने राज्य में न केवल राजनीति के मायने बदले हैं, बल्कि प्रदेश में सुशासन के माध्यम से आम लोगों के जीवन को सरल बनाने का काम किया है। मनोहर लाल अब पीएम मोदी की सरकार में ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री हैं। उनके नेतृत्व में देश बिजली में न केवल आत्मनिर्भर हुआ है, बल्कि अब दूसरे देशों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच गया है। पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर अंकुश और काम करने की साफ नीयत से ही ऐसा संभव हो पाया है।