भयंकर गर्मी की चपेट में कई राज्य, गंगानगर में 49.4°C तो सिरसा में 47.6 डिग्री तक पहुंचा पारा, यहां पर बारिश के आसार

राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। राजस्थान के श्री गंगानगर में गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। शुक्रवार को यहां पर अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह वर्ष 2025 में भारत में किसी भी राज्य में दर्ज किया गया सबसे अधिक अधिक तापमान है। वहीं, हरियाणा के सिरसा में 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और जम्मू संभाग में भीषण गर्मी पड़ रही है। 13-15 जून तक राजस्थान के कई इलाकों में भीषण लू चलने की संभावना है। वहीं, हरियाणा, पंजाब, यूपी, मध्य प्रदेश में भी 15 जून तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। 13 और 14 जून को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है। बिहार में भी मौसम गर्म रहने के आसार हैं।
राजस्थान के श्री गंगानगर में 49.4 डिग्री, चूरू में 47.6, जैसलमेर में 46.9, बीकानेर में 46.4, जोधपुर में 46.3, बाड़मेर में 46.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान के सभी जिलों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। वहीं, यूपी में झांसी सबसे गर्म स्थान रहा। यहां पर तापमान 44.9 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, बांदा में 44.6 डिग्री, आगरा में 45 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। पंजाब के बठिंडा में 46 डिग्री, सिरसा में 47.6, हिसार में 44.6 और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
इन राज्यों में बारिश के आसार
इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश की चेतावनी भी जारी की है। 13-18 जून के दौरान कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। 13-15 जून के दौरान मध्य महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र में गरज और बिजली के साथ बारिश के आसार हैं। 13-19 जून के दौरान कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात में कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
यहां पर चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश वर्षा जारी रहने की संभावना है और 14-17 तारीख के दौरान मध्य प्रदेश में आंधी, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 13-17 जून के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा के साथ 13-15 के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात हो सकता है। इसके साथ 50-70 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 13 से 19 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, दिल्ली और यूपी में तेज हवाएं चलने के आसार हैं।