नाहन-शिमला नेशनल हाईवे 907A पर शुक्रवार शाम एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया। सेर गांव के नजदीक दो कारें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ऑल्टो कार रामपुर बुशहर से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित कार सामने से आ रही स्विफ्ट कार से जा भिड़ी, जो नाहन से सराहां की दिशा में जा रही थी।
सड़क के मोड़ पर हुई इस टक्कर से दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। सौभाग्य से सुरक्षा इंतजामों और समय रहते संभलने के कारण दोनों वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही नाहन पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात को सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाए।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह चालक को नींद आना सामने आई है। फिलहाल मामले की विस्तार से जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि की जा सके।