अमेरिका में बड़ा विमान हादसा: रनवे पर दमकल गाड़ी से टकराया एयर कनाडा का प्लेन, कई घायल

0

अमेरिका के न्यूयॉर्क में बड़ा प्लेन हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक न्यूयॉर्क के गार्डिया (LaGuardia) एयरपोर्ट पर एयर कनाडा एक्सप्रेस की फ्लाइट AC8646 रनवे नंबर 04/22 को पार करते समय रनवे पर मौजूद एक फायर इंजन (Truck 1) से टकरा गई। इस हादसे में यात्रियों और क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना है।

फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, टक्कर के वक्त विमान जमीन पर चल रहा था। इस जोरदार टक्कर में विमान के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है और कई यात्रियों व कर्मचारियों के घायल होने की आशंका है।

हादसे के तुरंत बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए ला गार्डिया एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद करने का ऐलान कर दिया। प्रशासन ने सभी विमानों के लिए ‘ग्राउंड स्टॉप’ जारी किया है, जिसका मतलब है कि फिलहाल कोई भी विमान न तो उड़ान भर सकेगा और न ही लैंड कर पाएगा। एयरपोर्ट की वेबसाइट के मुताबिक, सोमवार सुबह से ही सभी प्रस्थान करने वाली उड़ानें या तो रद्द कर दी गई हैं या उनके समय में भारी बदलाव किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही न्यूयॉर्क सिटी फायर डिपार्टमेंट और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि वे रनवे पर विमान और वाहन के बीच हुई टक्कर की रिपोर्ट पर कार्रवाई कर रहे हैं।

आपातकालीन प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे एयरपोर्ट की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी ट्रैफिक और सड़क बंद होने की उम्मीद करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें।

अभी तक प्रशासन या एयरलाइंस की ओर से घायलों की सटीक संख्या को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विमान के क्षतिग्रस्त हिस्से को देखा जा सकता है, हालांकि इनकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि आखिर रनवे पर विमान के सामने दमकल गाड़ी कैसे आई और इस सुरक्षा चूक के पीछे कौन जिम्मेदार है। मलबे को हटाने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही रनवे को दोबारा खोला जाएगा।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *