बठिंडा में अवैध दवा फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, लाखों की प्रतिबंधित दवाएं जब्त; 4 आरोपी गिरफ्तार
युद्ध, नशे के विरुद्ध मुहिम के तहत मुक्तसर व बठिंडा पुलिस ने ड्रग विभाग के साथ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बठिंडा के इंडस्ट्री ग्रोथ सेंटर में चल रही एक गैर कानूनी दवा फैक्ट्री को सील कर लाखों प्रतिबंधित दवाएं और कच्चा माल बरामद कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
इनमें तीन आरोपित आपस में सगे भाई हैं। एसएसपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना किल्लियांवाली में दर्ज किए गए केस की जांच के दौरान जिला पुलिस को यह बड़ी सफलता हासिल हुई है। इस केस के तहत मनीष कुमार और साहिल कुमार वासी मंडी किल्लियांवाली जिला सिरसा हरियाणा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 एटिजोलाम गोलियां, 80 प्रेगाबेलिन कैप्सूल, 7.26 लाख रुपये की ड्रग्स मनी बरामद की गई थी।
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान कृष्ण कुमार वासी मंडी किल्लियांवाली और वंश कवात्रा पुत्र अनिल कुमार निवासी मंडी डबवाली के नाम सामने आए। इनको भी इस केस में नामजद किया गया और दोनों को 4 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। मनीष, साहिल तथा कृष्ण कुमार तीनों आपस में भाई हैं।
आरोपितों से पूछताछ के दौरान पता चला कि वंश कवात्रा मंडी डबवाली में एक मेडिकल स्टोर चला रहा था। पुलिस ने वंश और कृष्ण दोनों के कब्जे से 30,000 टैपेंटाडोल नशीली गोलियां बरामद की थीं। जांच के दौरान मुक्तसर पुलिस के सामने ये बात आई कि उक्त लोग इन नशीली दवाओं की सप्लाई बठिंडा स्थित रेडिनेक्स लाइफ साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री से कर रहे थे।
इस सूचना के आधार पर मुक्तसर पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टरों के साथ मिलकर उक्त फैक्ट्री पर रेड की। रेड के दौरान पुलिस को जहां बड़ी मात्रा में कच्चा माल बरामद हुआ, वहीं बिना लाइसेंस और मंजूरी के दवाई बनाने के सुबूत मिले। फैक्ट्री के मालिक द्वारा किसी भी प्रकार का लाइसेंस, दस्तावेज नहीं दिखाया जा सका। इस रेड के दौरान पुलिस को 1,85,000 खुली गोलियां, 42,350 ज़ेंटाडोल गोलियां, 1,22,400 टेनेडोल गोलियां और लगभग 10 किलोग्राम कच्चा माल बरामद हुआ है।
