पंचकूला में बड़ा हादसा: हाईवे पर ‘आग का गोला’ बना गेहूं से लदा ट्रक, 300 क्विंटल अनाज जलकर खाक, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

0

हरियाणा के पंचकूला जिले में जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिंजौर-सूरजपुर के पास गेहूं से लदे एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि ट्रक में सवार ड्राइवर और उसके साथी ने समय रहते नीचे कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन ट्रक में लदा करीब 300 क्विंटल गेहूं पूरी तरह जलकर राख हो गया।

ट्रक ड्राइवर मोहम्मद मोनीश और मालिक रियाज खान ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से ट्रक में 299 क्विंटल गेहूं लादकर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की बद्दी मंडी जा रहे थे। जैसे ही ट्रक पिंजौर-सूरजपुर के पास पहुंचा, अचानक उसमें से धुआं उठने लगा। जब तक वे कुछ समझ पाते, आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही अमरावती चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कालका फायर स्टेशन को सूचित किया। हालांकि, ट्रक मालिक और ड्राइवर का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम सूचना देने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि अगर दमकल की गाड़ियां समय पर आ जातीं, तो नुकसान को कम किया जा सकता था। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक ट्रक और गेहूं पूरी तरह जल चुके थे।

चलते ट्रक में आग लगने के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात सुचारू करवाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन शुरुआती अंदेशा शॉर्ट सर्किट की ओर इशारा कर रहा है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर