दिल्ली में बिगड़ रही कानून व्यवस्था: अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह को लिखी चिट्टी, मिलने का समय मांगा
पूर्व सीएम और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मिलने का समय भी मांगा है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है।
दअरसल, दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल बीजेपी को दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर घेरते हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र भी लिख दिया है। जिसमें उन्होंने लिखा कि देश के गृह मंत्री होने के नाते दिल्ली की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी आपकी है। लेकिन, यह बताते हुए बहुत दुख होता है कि दिल्ली अब देश और विदेश में अपराध की राजधानी के रूप में पहचानी जा रही है।
केजरीवाल ने आगे लिखा कि दिल्ली में जहां महिलाओं के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, वहीं जबरन वसूली करने वाले गिरोह और गैंगस्टर्स हर गली में एक्टिव हो चुके हैं। ड्रग्स माफिया पूरी दिल्ली में अपने पैर पसार चुके हैं। मोबाइल और चैन स्नैचिंग से पूरी दिल्ली परेशान है। आज अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिल्ली की सड़कों पर दिनदहाड़े गोलीबारी, हत्या, अपहरण और चाकूबाजी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने आगे लिखा कि पिछले 6 महीनों में दिल्ली के 300 से ज्यादा स्कूलों-कॉलजों, 100 से ज्यादा अस्पतालों, एयरपोर्ट और मॉल पर लगातार बम धमाकों की धमकियां दी जा रही हैं। ये रोज-रोज फर्जी धमकी देने वाले पकड़े क्यों नहीं जा रहे है? क्या आप सोच सकते हैं एक बच्चे पर क्या गुजरती है, उसके मां बाप पर क्या गुजरती है। जब बम की धमकी की वजह से स्कूल खाली करवा कर बच्चों को घर भेज दिया जाता है? आज दिल्ली के हर माता पिता और हर बच्चा बम के डर के साये में जी रहा है। यह कितना शर्मनाक है कि आपकी देखरेख में हमारी गौरवशाली राजधानी कानून व्यवस्था की असफलता के कारण अब ‘रेप कैपिटल’, ‘ड्रग कैपिटल’ और ‘गैंगस्टर कैपिटल’ जैसे नामों से जानी जा रही है।
केजरीवाल ने अपनी चिट्टी में आगे लिखा आपका ध्यान (गृहमंत्री) दिल्ली की कानून व्यवस्था से जुड़े कुछ चिंताजनक आंकड़ों पर लाना चाहता हूं। भारत के 19 मेट्रो शहरों में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में दिल्ली प्रथम स्थान पर है और हत्या के मामलों में भी दिल्ली नंबर एक पर है। दिल्ली में 2019 से अब तक ड्रग्स से जुड़े अपराधों में 350% की वृद्धि हुई है। औसतन हर दिन 3 महिलाएं बलात्कार का शिकार होती हैं। हर दूसरे दिन हमारे किसी व्यापारी भाई को फिरौती की कॉल आती है। ये आंकड़े बदहाल हो चुकी कानून व्यवस्था की गवाही दे रहे हैं।
