मंडी में भूस्खलन-बारिश से तबाही, दो घर गिरे; कई लोगों ने खाली किए मकान

मंडी। मानसून की वर्षा ने मंडी में तबाही मचाना शुरू कर दिया है। मंडी जिला में 10 घर खतरे की जद में आ गए हैं। मंडी शहर के सन्यारड वार्ड में बन रही मीरा एनक्लेव कालोनी के लिए की गई कटिंग के साथ भूस्खलन होने के कारण पांच घर खतरे की जद में हैं। तीन परिवारों ने अपने घर खाली कर दिए हैं।
वहीं, जिला में सदर मंडी और पद्धर में दो घर गिर गए हैं। इसके अलावा दो पशुशालाएं ध्वस्त हुई हैं। मंडी शहर के टारना रोड में ही तीन जगह पेड़ गिरने के कारण रास्ते बाधित रहे।सन्यारड वार्ड में बन रही नई कालोनी के साथ लगते घरों में शनिवार रात को हुई भारी वर्षा के साथ भूस्खलन हो गया।
इस कारण करीब पांच घरों को खतरा पैदा हो गया है। आयुक्त रोहित राठौर, महापौर वीरेंद्र भट्ट, पार्षद वीरेंद्र आर्या मौके पर पहुंचे। यहां मौजूद प्रभावितों प्रभी देवी, उनके बेटे धर्मंद्र और अमित, उषा किरण, कृष्णा देवी, कांता देवी व सोहन लाल ने बताया कि लंबे समय से यहां काम कर रहे ठेकेदार को डंगा लगाने के लिए कहा जा रहा है लेकिन केवल एक ही पार्ट लगाया गया और शनिवार रात को भूस्खलन हो गया।