रायपुर में भीषण सड़क हादसा, 13 लोगों की मौके पर मौत, सड़क पर बिखरे पड़े शव, सीएम साय ने जताया शोक
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी में दर्दनाक हादसा हो गया है। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार, एक माजदा गाड़ी को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सड़कों पर लाश बिछ गईं। कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।
जानकारी के मुताबिक, खरोरा के बंगोली में ये हादसा हुआ है। माजदा गाड़ी चटोद जाने के दौरान रायपुर से आ रही ट्रेलर से टकरा गई। इसमें एक साल से कम उम्र के बच्चे समेत लगभग 50 लोग घायल हुए हैं।
यह दुखद घटना तब घटी जब पुनीत साहू के रिश्तेदार स्वराज माजदा वाहन क्रमांक सीजी 04 एमक्यू 1259 में सवार होकर जा रहे थे। वे चौथिया छट्टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। कार्यक्रम के बाद वापस आते समय रायपुर-बलौदाबाजार रोड पर सारागांव के पास उनकी गाड़ी ट्रेलर गाड़ी क्रमांक जेएच-05 डीपी -7584 से टकरा गई। इस दुर्घटना में 9 महिलाओं, 2 लड़कियों, 1 लड़के और 6 महीने की एक बच्ची सहित 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना में घायलों को तुरंत खरोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रायपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खरोरा क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। इस दुखद घटना में 13 लोगों की मृत्यु तथा 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
