केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरियाणा दाैरा: करनाल और अंबाला जाएंगे, दोनों जिलों में सुरक्षा कड़ी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के दाैरे पर हैं। वे पहले करनाल और फिर अंबाला छावनी जाएंगे। गृह मंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे सेक्टर-12 मॉल के पास से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू करेंगे और करीब 100 मीटर का सफर तय कर लघु सचिवालय के आगे से होते हुए टी-प्वाइंट पर पहुंचेंगे। यहां ट्राले पर विशेष मंच तैयार किया गया है, जहां से वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
वीरवार को गृह मंत्री के दौरे के मद्देनजर एनडीआरआई चौक, आंबेडकर चौक, महात्मा गांधीचौक, माल रोड, आईटीआई चौक और निर्मल कुटिया चौक को निर्धारित अवधि में पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इन मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
– एनडीआरआई परिसर के रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले लोग आवागमन के लिए गेट नंबर पांच, छह और सात का इस्तेमाल कर सकेंगे।
– न्यायपुरी, शक्ति कॉलोनी और सुभाष कॉलोनी के निवासियों को पुराना बस स्टैंड, कमेटी चौक और पुरानी सब्जी मंडी से होते हुए सेक्टर-13/14 जीटी रोड की ओर जाने का वैकल्पिक रास्ता दिया गया है।
– सेक्टर छह और सात के निवासी सेक्टर-13/14 कट से पुरानी सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल के रास्ते आवागमन कर सकेंगे।
यातायात प्रतिबंधों के बीच आपातकालीन सेवाओं और मरीजों की सुविधा के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचने के अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
– असंध, निसिंग और कैथल की तरफ से आने वाले वाहन कमेटी चौक, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल के रास्ते मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार से प्रवेश कर सकेंगे।
– इंद्री, कुंजपुरा और कुरुक्षेत्र की ओर से आने वाले वाहन आईटीआई चौक और एनडीआरआई चौक से होते हुए मेडिकल कॉलेज के पिछले गेट से पहुंच सकेंगे।
– मेरठ रोड, ताऊ देवी लाल चौक, सेक्टर पांच, नमस्ते चौक और घरौंडा की तरफ से आने वाले वाहन सेक्टर-13/14 कट, पुरानी सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल से होते हुए मुख्य द्वार तक पहुंच सकेंगे।
अंबाला में 800 करोड़ की लागत से बनी शहीद स्मारक का आज केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उद्घाटन करेंगे। वह गांधी मैदान में एक रैली के माध्यम से हजारों लोगों को संबोधित भी करेंगे।
रैली को लेकर अंबाला पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए हैं। रैली के मद्देनजर जनता चौक से गीता गोपाल चौक तक अम्बाला-यमुनानगर मार्ग पर सामान्य यातायात अस्थायी रूप से बाधित रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए यह मार्ग खुला रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन की सुविधा के लिए व्यापक रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है।
इस मार्ग पर आवाजाही रहेगी बाधित
छावनी में जनता चौक से गीता गोपाल चौक के बीच अंबाला -यमुनानगर मार्ग पर रैली के दौरान सामान्य वाहनों का प्रवेश कुछ समय के लिए वर्जित रहेगा। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इस मार्ग का प्रयोग करने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकलें।
वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रूट
अंबाला छावनी से यमुनानगर जाने के लिए:
रूट 1: अंबाला – शाहबाद – साहा – यमुनानगर
रूट 2: मोहड़ा अनाज मंडी – न्यू रिंग रोड – बड़ा खुड्डा – साहा – यमुनानगर
रूट 3: बलदेव नगर – पंजोखरा साहिब – शहजादपुर – साहा – यमुनानगर
यमुनानगर से अंबाला आने के लिए:
रूट 1: यमुनानगर – साहा- शाहबाद – अंबाला
रूट 2: यमुनानगर – साहा – बड़ा खुड्डा – न्यू रिंग रोड – मोहड़ा अनाज मंडी – अंबाला छावनी
रूट 3: यमुनानगर – साहा – शहजादपुर – पंजोखरा साहिब – बलदेव नगर – अंबाला
एसडी कॉलेज के पास रहेगी पार्किंग
रैली में शामिल होने वाले वाहनों के लिए एसडी कॉलेज, अंबाला छावनी के पास विशेष पार्किंग स्थल बनाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी वाहन सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर खड़ा न किया जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
