सियाचिन में हिमाचल का जवान हुआ बलिदान, लाहौल के अरुण कुमार ने 2023 में अग्निवीर के रूप में की थी सेना में भर्ती।

Himachal Pradesh News, शून्य से माइनस 50 डिग्री तापमान वाले सियाचिन ग्लेशियर में देश की रक्षा के लिए तैनात लाहुल स्पीति का सपूत बलिदान हो गया। वीर सपूत अरुण कुमार लद्दाख स्काउट्स में अग्निवीर के रूप में भर्ती था। शहीद अरुण कुमार के चाचा ओम प्रकाश ने बताया कि अरुण कुमार पुत्र जय सिंह लगभग दो सप्ताह से सियाचिन ग्लेशियर पर ड्यूटी निभा रहा था।
कल रात अचानक सिर में दर्द के कारण उसकी आकस्मिक मृत्यु हो गई। ओम प्रकाश ने कहा कि अरुण कुमार 2023 में अग्निवीर के रूप में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे और लद्दाख में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने कहा कि अरुण कुमार का पार्थिव शरीर मंगलवार तक किशोरी गांव लाया जाएगा।
लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा व पूर्व मंत्री डा.रामलाल मार्कंडेय और भाजपा नेता रवि ठाकुर ने अरुण कुमार के अचानक मृत्यु होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है।अरुण कुमार के आकस्मिक निधन पर समस्त लाहुल घाटी में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने भी प्रदेश के जवान के बलिदान पर दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।