हिमाचल में बारिश के बाद बढ़ी ठंड, 9 डिग्री तक गिरा तापमान; आज फिर बर्फबारी और वर्षा के आसार

0

 हिमाचल प्रदेश में हिमपात और वर्षा के बाद दिन के तापमान में नौ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। भुंतर में 9.7, कल्पा में 8.2, धर्मशाला में सात, शिमला व सोलन में 5.5, कांगड़ा व मंडी में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

मौसम विभाग ने दो फरवरी को ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात व वर्षा की संभावना जताई है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर बादल छाने की संभावना है। रविवार को बारालाचा, शिंकुला व रोहतांग में एक फीट हिमपात हुआ।

अटल टनल में चार इंच, कल्पा, कुफरी और नारकंडा में तीन इंच हिमपात हुआ। रोहतांग सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम में बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। सोलंगनाला व कोठी में तीन इंच हिमपात हुआ है। लाहुल की समस्त घाटी में भी हिमपात हो रहा है।

शिमला, कांगड़ा सहित अन्य स्थानों पर वर्षा हुई। ठियोग व खड़ापत्थर में हिमपात हुआ है। खड़ापत्थर में हिमपात के बीच फंसे 10 वाहनों को पुलिस ने सुरक्षित निकाला है। सोलन के देवठी में रविवार सुबह बिजली गिरने से किन्नौर जिले के भेड़पालकों की 54 भेड़-बकरियां मर गईं।

रविवार को शिमला और ऊपरी क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि के साथ वर्षा हुई, जबकि कई स्थानों पर आंधी चली। प्रदेश में सबसे अधिक वर्षा मनाली में 15, ऊना में छह मिलीमीटर हुई। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है।

कुछ स्थानों पर वृद्धि तो कुछ में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने फरवरी में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना जताई है। प्रदेश में जनवरी में केवल दो दिन पश्चिमी विक्षोभ की अधिक सक्रियता से भारी हिमपात और वर्षा हुई। ऐसे में सामान्य से चार प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर