हिमाचल न्यूज: समय पर वेतन न मिलने पर HRTC कर्मियों की चेतावनी, बोले—आठ घंटे की ड्यूटी के बाद बस खड़ी कर देंगे।

HRTC Employee Protest, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में निगम प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समय पर वेतन न आने व मांगों की अनदेखी को लेकर कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का कहना है कि 10 तारीख को वेतन जारी हुआ है, जबकि अन्य विभागों, बोर्ड व निगमों में कर्मचारियों को पहली तारीख को वेतन मिल चुका है।
हर महीने समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। जिससे कर्मचारियों में प्रबंधन के खिलाफ खासी नाराजगी है। यदि निगम प्रबंधन का ऐसा ही रवैया रहा तो आने वाले दिनों में अब चालक-परिचालक आठ घंटे ही काम करेंगे। उसके बाद बस खड़ी कर देंगे।
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे आठ घंटे से ज्यादा काम नहीं करेंगे। अब उन्होंने यह फैसला लिया है कि वे केवल 8 घंटे ही काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इस फैसले से यात्रियों को परेशानी हो सकती है। मान सिंह ने कहा कि चालकों परिचालकों का कई महीनों का नाइट ओवरटाइम का भुगतान लंबित पड़ा हुआ है जिसको लेकर कई बार मांग की गई है लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हुआ।