HIMACHAL : नेशनल हाईवे पर पहाड़ से गिरे बड़े-बड़े पत्थर , बच गई गाड़ियां

हिमाचल प्रदेश के सोलन में कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर लैंडस्लाइड देखने को मिला। इस लैंड स्लाइड का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि हाईवे पर गाड़ियां गुजर रही हैं। इसी दौरान पहाड़ का एक हिस्सा भरभराकर गिरने लगता है। इस हादसे में सड़क पर चल रही गाड़ियां बाल-बाल बच गई हैं। यह मंजर काफी खौफनाक है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कितनी बड़ी चट्टानें पहाड़ से टूटकर गिरी हैं। वहीं पास ही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार जा रही है। बेहद कम दूरी से वह कार दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई।
बता दें कि इससे पहले हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भीषण बारिश के कारण भूस्खलन के कई मामले देखने को मिले थे। भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली हाईवे भी काफी समय के लिए बाधित रहा। इस कारण हाईवे पर करीब 15 किमी तक लंबा जाम लग गया था। साथ ही लोगों को पूरी रात अपनी कार में ही बितानी पड़ी। हाईवे जाम होने का नतीजा यह हुआ कि आसपास के सारे होटलों के कमरे फुल हो गए और लोगों को कार में ही रात बितानी पड़ी। इस लैंडस्लाइड में हिमाचल सरकार को सड़कों के मामले में काफी नुकसान का सामना करना पड़ा था।
इससे पहले उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर के आसपास की पहाड़ियों पर हिमस्खलन देखने को मिला था। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक इस घटना से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने केदारनाथ की पहाड़ियों में हिमस्खलन का डरावना दृश्य देखा था। बता दें कि यह एवलांच केदारनाथ मंदिर से करीब 4 किमी दूर देखने को मिला है। लेकिन इस एवलांच की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। पिछले साल एक अक्टूबर को भी शाम के वक्त मंदिर से करीब 6 किमी दूर आंशिक हिमस्खलन देखने को मिला था। वहीं दो अक्टूबर को चोराबाडी ताल में पहाड़ियों पर हिमस्खलन देखने को मिला था।