गरज-चमक और तेज हवाओं संग होगी भारी बारिश, IMD ने हरियाणा को किया अलर्ट
हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. IMD के अनुसार 29 और 30 मार्च को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिससे कई जिलों में बारिश की संभावना है. 29 मार्च के लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 30 मार्च को चुनिंदा इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी.
तेज हवा के साथ होगी बारिश: मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में 30 मार्च को तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है. इसके साथ ही आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
किसानों के लिए विशेष चेतावनी: बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को खास सावधानी बरतने को कहा गया है. विभाग ने साफ तौर पर सलाह दी है कि फिलहाल सिंचाई और कीटनाशकों का छिड़काव न करें. मौसम की खराबी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए अगले दो दिन कृषि कार्यों में सतर्कता जरूरी है.
तापमान में आएगी गिरावट: प्रदेश में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है. 27 मार्च को औसत अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, हालांकि यह अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है. भिवानी में सबसे अधिक 32.3°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में तापमान 2 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी: रात के तापमान में हल्की गर्माहट बनी हुई है. न्यूनतम तापमान में करीब 1°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है. गुरुग्राम और सोनीपत में 16°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबाला और रोहतक में यह 20°C के आसपास रहा. आने वाले सप्ताह में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के करीब रहने की संभावना है.
