दिल्ली चुनाव में उतरेंगे हरियाणा के दिग्गज नेता: CM नायब सैनी होंगे स्टार प्रचारक तो खट्टर बनेंगे रणनीतिकार, विज बोले- जीत पक्की

0

दिल्ली चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है और सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी रणनीति बनाने की तैयारियों में जुटी हुई हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की तरफ से हरियाणा के कई दिग्गज नेता भी वोट मांगते हुए दिखाई देंगे। इन नेताओं में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, CM नायब सैनी के अलावा कई बड़े सूरमा बीजेपी के लिए दिल्ली चुनाव में प्रचार करते नजर आएंगे।

इस बार दिल्ली में जीत हासिल करने के लिए बीजेपी अपना पूरा जोर लगा रही है। इसके लिए पार्टी ने कुछ नेताओं को इलाके भी बांट दिए हैं और साथ ही सरकार और संगठन चला चुके कुछ नेताओं का चुनाव की रणनीति बनाने में इस्तेमाल किया जाएगा। प्रदेश की महिला मंत्री आरती राव भी अपने पिता केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ दिल्ली में वोट मांगेंगी। इसके अलावा राज्यसभा सांसद किरण चौधरी भी दिल्ली चुनाव के प्रचार में शामिल होंगी, जो कि दिल्ली से चुनाव जीतने के साथ विधानसभा की उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।

दिल्ली चुनाव में हरियाणा के नेताओं की अहम भूमिका होगी, क्योंकि दिल्ली और हरियाणा एक-दूसरे से सटे हुए हैं। प्रदेश के गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे बड़े जिले सीधे तौर पर दिल्ली से जुड़े हुए हैं, यहां नौकरी करने वालों से लेकर व्यापारियों तक का दिल्ली से गुरुग्राम और फरीदाबाद में काम के लिए आना-जाना लगा रहता है। बता दें कि हरियाणा के 12 जिले दिल्ली-एनसीआर के अंदर आते हैं। दिल्ली के कुछ लोगों से हरियाणा के नेताओं को निजी तौर पर भी संबंध हैं।

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली चुनाव में स्टार प्रचारक के रोल में अपनी भूमिका निभाएंगे। बता दें कि नायब सैनी ओबीसी वर्ग से आते हैं, जो कि दिल्ली की जातीय समीकरण से मेल खाता है। इसके अलावा नायब सैनी के नेतृत्व में बीजेपी ने हरियाणा में कांग्रेस को हराकर चुनाव जीता है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सभी 90 सीटें कवर की थीं। नायब सैनी 5 साल तक हरियाणा के सीएम रहने वाले हैं, ऐसे में जो लोग हरियाणा के निवासी हैं, लेकिन अभी दिल्ली में रह रहे हैं और वोटर भी हैं। उन लोगों पर नायब सैनी अपना बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं।

केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर बीजेपी के रणनीतिक टीम का अहम हिस्सा होंगे। उन्हें संगठन से लेकर सरकार चलाने तक का अनुभव है। मनोहर लाल खट्टर 2024 में पहली बार विधायक बने और साथ ही उन्हें हरियाणा की मुख्यमंत्री भी बना दिया गया। इसके बाद साल 2019 में हरियाणा में बीजेपी 40 सीटें जीतकर प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बन गई। इसके बाद सरकार चलाने के लिए खट्टर ने बीजेपी के विरोधी वोटों से जीतने वाली जननायक जनता पार्टी को अपने साथ मिला लिया और फिर साढ़े 4 साल तक हरियाणा में सरकार चलाई।

 

हरियाणा से लोकसभा सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत अपनी बेटी आरती राव और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी के साथ दिल्ली में वोट मांगते नजर आएंगे। बता दें कि राव इंद्रजीत की बेटी आरती राव पहली बार विधायक बनने के बाद हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनी हैं।

इसके अलावा, किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी भी हरियाणा की विधानसभा से विधायक हैं। सांसद किरण चौधरी की दिल्ली चुनाव में अहम रोल हो सकता है, क्योंकि वह दिल्ली कैंट विधानसभा से 1998 में चुनाव जीतने के साथ ही 2003 तक दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष भी रहीं हैं। ऐसे में उन्हें दिल्ली चुनाव का भी काफी अनुभव है।

हरियाणा में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का भी हरियाणा से नाता है। उनका जन्म 16 अगस्त 1968 को हरियाणा के हिसार जिले में हुआ था। केजरीवाल ने अपनी शुरुआती पढ़ाई भी हिसार से की है और फिर दिल्ली के आईआईटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त हासिल की। बाद में वह सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए राजनीति में शामिल हो गए।

हालांकि इस समय आतिशी मार्लेना दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं, लेकिन दिल्ली चुनाव पूरी तरह से केजरीवाल के चेहरे पर ही लड़ा जा रहा है। बता दें कि 2020 के हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में केजरीवाल की पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं बीजेपी को मात्र 8 सीटें मिल पाई थीं।

हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज का कहना है कि हरियाणा में जिस तरह से बीजेपी ने हवा का रूख बदला, उसी तरह दिल्ली में भी बीजेपी की जीत निश्चित है। विज का कहना है कि बीजेपी ने हरियाणा से अश्वमेघ का घोड़ा छोड़ दिया है, जहां से गुजरेगा, बीजेपी की जीत होगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *