हरियाणा में जल्द गर्मी देगी दस्तक, पश्चिमी विक्षोभ के बाद बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में 30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

0

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर के बाद मौसम में साफ बदलाव देखने को मिल रहा है. अब प्रदेश में शुष्क परिस्थितियां बन गई हैं. साथ ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विशेषज्ञों की मानें तो उत्तरी हवाओं के असर से रात के तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन दिन और रात दोनों का पारा सामान्य से ऊपर बना रहेगा. फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है.

कई जिलों में 30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान:प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम में सर्वाधिक 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के औसत से ज्यादा है. विशेषज्ञों का कहना है कि 25 फरवरी तक हल्का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, लेकिन महीने के अंत तक दिन और रात के तापमान में तेज उछाल आने की संभावना है.

मार्च की शुरुआत होगी गर्मी से: मौसम विभाग के विश्लेषण के मुताबिक मार्च की शुरुआत इस बार सामान्य से अधिक गर्म रहने के आसार हैं. दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर तक पहुंच सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 10 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इससे साफ है कि इस बार मार्च का आगाज ही गर्मी के एहसास के साथ होगा.

शुष्क रहेगा मौसम, दोपहर में बढ़ेगी तपिश: आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा. बारिश की कोई संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है. दोपहर के समय धूप की तीव्रता अधिक महसूस होगी, जिससे गर्मी का असर बढ़ सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि तापमान में बढ़ोतरी का यह सिलसिला मार्च के पहले सप्ताह तक जारी रह सकता है.

सावधानी की जरूरत: बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को दिन के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है. कुल मिलाकर, हरियाणा में फरवरी के अंतिम दिनों से ही गर्मी ने दस्तक दे दी है और मार्च में इसका असर और तेज होने की संभावना है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *