Haryana Weather: हरियाणा में बारिश का येलो अलर्ट, इन जिलों में फिर छाई धुंध; आगे कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

0
 मौसम में परिवर्तन के साथ ही आने वाले दिनों में फिर से वर्षा होने की उम्मीद है। विज्ञानियों के अनुसार 26 और 27 फरवरी को वर्षा हो सकती है। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तीन दिन से मौसम में बदलाव के चलते हिसार का न्यूनतम तापमान कम हुआ है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री तक पहुंच गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के विज्ञानियों के अनुसार पहाड़ों में बर्फबारी का मैदानी इलाकों पर असर आया है। बर्फबारी से मैदान में ठंडी बढ़ी है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों को ठंड का अहसास दोबारा हुआ है। 

वहीं दिन के समय धूप खिलने से अधिकतम तापमान भी 22.5 डिग्री तक पहुंच गया। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 26 फरवरी तक परिवर्तनशील परंतु खुश्क रहने की संभावना है।

इस दौरान 24 फरवरी तक उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। परंतु 25 व 26 फरवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच-बीच में हवाओं में बदलाव आने से राज्य में बीच-बीच में कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम में आए बदलाव से 20 दिन बाद राजस्थान के साथ लगते हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, चरखी-दादरी और नारनौल जिले में धुंध नजर आई। न्यूनतम तापमान में 5.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से सिरसा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 25.0 व न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे रात व सुबह के समय ठिठुरन भी पहले से काफी बढ़ी है।
25 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों पर पहुंचेगा। इसके प्रभाव से 27 और 28 फरवरी को देखने को मिल सकता है। एनसीआर में मौसम बदल सकता है जिससे आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। रुक-रुक कर हल्की वर्षा हो सकती है। इससे तापमान में एक बार फिर हल्का बदलाव देखने को मिलेगा, लेकिन फरवरी की समाप्ति सामान्य से गर्म और सूखे मौसम के साथ ही होने की संभावना है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर