हरियाणा: महिला मुक्केबाजों को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित, विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में जीते थे पदक
हरियाणा की चार महिला मुक्केबाजों जैस्मिन लंबोरिया, नूपुर श्योराण, पूजा बोहरा और मीनाक्षी हुड्डा को बुधवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। पुरस्कार पाने वालों में तीन भिवानी जिले की और चौथी मीनाक्षी रोहतक निवासी हैं।
चारों महिला मुक्केबाज इंग्लैंड की लिवरपुल में आयोजित विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप की पदक विजेता हैं। नवंबर माह में ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले गए विश्व मुक्केबाजी कप में जैस्मिन लंबोरिया, नूपुर श्योराण और मीनाक्षी हुड्डा ने स्वर्ण पदक तथा पूजा बोहरा ने कांस्य पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया था। राष्ट्रपति ने मुक्केबाजों से बातचीत कर मुक्केबाजी के बारे में जानकारी हासिल की। राष्ट्रपति ने खुद भी मुक्केबाजी पंच बनाते हुए फोटो शूट करवाया।
