Haryana Politics: कब मिलेगा हरियाणा बीजेपी को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष? मोहन लाल बडौली ने कर दिया क्लियर

0
 चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi) के हरियाणा दौरे की तैयारियों में जुटी भाजपा ने फिलहाल संगठनात्मक नियुक्तियां रोक दी हैं। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष पद पर मोहन लाल बडौली बने रहेंगे अथवा कोई अन्य आएगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल को हिसार व यमुनानगर दौरों के बाद होगा।
प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) के हरियाणा दौरे को सफल बनाने के लिए भाजपा ने अपने संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी बदलाव किया है। गुरुवार से प्रदेशभर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आम जनता को न्योता देने के लिए दो दिन का विशेष अभियान पार्टी चलाने वाली है।
14 अप्रैल को संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी पहले हिसार आएंगे और उसके बाद यमुनानगर में होंगे। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा को हिसार का पहला एयरपोर्ट देंगे, साथ ही यमुनानगर में 800 मेगावाट बिजली की नई यूनिट का शिलान्यास करेंगे।
हिसार में 48 और यमुनानगर में 42 विधानसभाओं के कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज यानी गुरुवार से भाजपा का प्रदेशव्यापी गांव चलो-बस्ती चलो कार्यक्रम शुरू होगा, जो तीन दिन चलेगा। 12 अप्रैल तक भाजपा के सभी नेता प्रदेश के हर कोने में जाकर लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेंगे।
कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई हैं कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को क्षेत्र अनुसार कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित करें। 11 अप्रैल को सुबह सात बजे महिला मोर्चा की हजारों कार्यकर्ता फरीदाबाद पहुंचकर साइक्लोथान कार्यक्रम में शामिल होंगी। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं में नशे के खिलाफ निकाली जा रही साइक्लोथान यात्रा में शामिल होने के लिए काफी उत्साह है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा संगठन में नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर कुछ महत्वपूर्ण नियुक्तियों को रोका गया है। 15 अप्रैल के बाद मंडल और जिलों में नई नियुक्तियां की जाएंगी।भाजपा के पास इस समय प्रदेश में 45 हजार सक्रिय कार्यकर्ता हैं। 10 अप्रैल की शाम पांच बजे तक मंडलों में कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री के दौरे के बाद 16 व 17 अप्रैल तक जिलों की टीमों का गठन करने का लक्ष्य निर्धारित है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *