दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP को टक्कर दे रहे हैं हरियाणा के मंत्री, CM सैनी भी जल्द करेंगे प्रचार

0
दिल्ली विधानसभा (Delhi Assembly Election) के पांच फरवरी को होने वाले चुनाव में भाजपा ने हरियाणा के नेताओं को उतार दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार के मंत्री बारी-बारी से दिल्ली राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर जनसंपर्क कर रहे हैं। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल पहले से दिल्ली में हैं। हरियाणा के नेता उनके निर्देशन में दिल्ली विधानसभा में चुनाव प्रचार करने में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जल्दी ही दिल्ली के चुनाव में प्रचार करने उतरेंगे। भाजपा के नेशनल सेक्रेटरी ओमप्रकाश धनखड़ और राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला पहले से रणनीतिकार की भूमिका में हैं।
हरियाणा में भाजपा जिन बूथ मैनेजमेंट के जरिये तीसरी बार सत्ता में आने में कामयाब हुई है, वही बूथ मैनेजमेंट दिल्ली विधानसभा के चुनाव में अपनाया जा रहा है।
हरियाणा के भाजपा नेता दिल्ली के भाजपा नेताओं को बूथ मैनेजमेंट के तरीके बता रहे हैं। साथ ही दिल्ली के लोगों को डबल इंजन की सरकार के फायदे बताए जा रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा के चुनाव में प्रचार करने से पहले और बाद में कापरनिक्स मार्ग स्थित हरियाणा भवन में राजनीतिक बैठकें हो रही हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के निवास पर भी बैठकों का दौर जारी है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, कृष्ण लाल पंवार और महिपाल ढांडा के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली लगातार दिल्ली के नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं।
नई दिल्ली में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने दावा किया कि दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस का एक भी सीट का खाता नहीं खुलेगा, जबकि भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की जीत का असर दिल्ली के चुनाव पर देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली की जनता कहेगी कि कालिया अब तेरा क्या होगा ? उन्होंने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने की बात कहते थे आज वह भ्रष्टाचार के केस में फंसे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी को इसका जवाब देगी और इस बार दिल्ली में भाजपा की सरकार बहुमत से बनेगी। वह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बजट पूर्व परामर्श बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *