Haryana CM Letter To Punjab CM: हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को SYL पर एक पत्र लिखा हरियाणा डीपीआर ने इसकी जानकारी

पंजाब-हरियाणा के बीच दशकों से विवादित सतलुज-यमुना लिंक नहर (SYL) मुद्दे का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद भी पंजाब सरकार अपना रुख नहीं बदलना चाहती, जबकि हरियाणा सरकार है कि, उसे एसवाईएल का पानी लेना ही लेना है। इसी कड़ी में अब हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को एसवाईएल पर एक पत्र लिखा है। हरियाणा डीपीआर ने इसकी जानकारी दी है।
डीपीआर ने बताया कि, सतलुज-यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) हरियाणा का हक है और इसके लिए हरियाणा के सीएम मनोहर लाल हर संभव कदम उठा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की पुरजोर तरीके से पैरवी करने के बाद अब सीएम ने अपने समकक्ष पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखा है। सीएम ने स्पष्ट किया कि वे एसवाईएल नहर के निर्माण के रास्ते में आने वाली किसी भी बाधा या मुद्दे को हल करने के लिए उनसे मिलने को तैयार हैं। उन्होंने कहा है कि हरियाणा का प्रत्येक नागरिक पंजाब के हिस्से में एसवाईएल के निर्माण के शीघ्र पूरा होने की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा है।
बता दें कि, सतलज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर पंजाब में लगभग 121 किमी और हरियाणा में 90 किमी तक फैली हुई है, हरियाणा में नहर का 90 किलोमीटर के हिस्से में निर्माण कार्य 1980 तक पूरा हो चुका है, वहीं पंजाब में शेष 121 किलोमीटर के हिस्से में निर्माण कार्य रुका हुआ है।