हरियाणा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मिली जान से मारने की धमकी

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजे गए ईमेल में जान से मारने की धमकी दी गई है। मंगलवार सुबह गुरुग्राम के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को भेजे गए इस संदेश में मुख्यमंत्री को निशाना बनाने के साथ शहर के स्कूलों और ट्रेनों में बम धमाके की चेतावनी भी दी गई है।

ईमेल सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस, खुफिया एजेंसियां और सुरक्षा तंत्र तुरंत सक्रिय हो गए। स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है और रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

ईमेल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम लेते हुए उन्हें सीधे तौर पर धमकी दी गई है। संदेश में लिखा गया है कि मुख्यमंत्री के पास ‘एक मौका’ है और यदि उन्होंने हरियाणा विधानसभा में खालिस्तान रेफरेंडम का समर्थन नहीं किया या पंजाब के साथ जुड़ने का विरोध किया तो उनकी “जिंदगी खत्म” कर दी जाएगी।

पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के खिलाफ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का बदला लेने का दावा भी किया गया है।

धमकी भरे ईमेल में आम लोगों और बच्चों को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई है। मंगलवार सुबह 7:13 बजे भेजे गए संदेश में दावा किया गया कि दोपहर 1:11 बजे गुरुग्राम के स्कूलों में और 3:11 बजे ट्रेनों में सिलसिलेवार बम धमाके शुरू होंगे।

यह ईमेल विशेष रूप से डीएवी स्कूल सेक्टर-14, सेक्टर-49 और डीएवी पीपीएसजी को भेजा गया है। संदेश में ‘हरियाणा है खालिस्तान’ और ‘अपने बच्चे बचाओ’ जैसे भड़काऊ नारे भी लिखे गए हैं।

धमकी की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने संबंधित स्कूलों में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।

रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

ईमेल भेजने वाले के रूप में ‘इंजीनियर गुरनाख सिंह’ और ‘डॉ. गुरनिरवैर सिंह’ का नाम दर्ज बताया गया है। साइबर सेल की टीमें ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही हैं ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर