गली क्रिकेट टूर्नामेंट की जर्सी पुलिस मुख्यालय में लॉन्च
Oplus_131072
चंडीगढ़। सेक्टर 9 यूटी पुलिस मुख्यालय, में एक समारोह के दौरान ऑलेंजर्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे संस्करण की आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस एवं यूटीसीए अधिकारी, टूर्नामेंट आयोजक, यूटी प्रशासन, नगर निगम के प्रतिनिधि और उत्साही क्रिकेट खिलाड़ी उपस्थित रहे। इस जर्सी का अनावरण चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा और गली क्रिकेट टूर्नामेंट के चेयरमैन तथा डब्ल्यूपीएल (बीसीसीआई) के गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजय टंडन द्वारा किया गया। इस अवसर पर आईजीपी पुष्पेंद्र कुमार, डीआईजी परवीन रंजन, एसएसपी ट्रैफिक एवं सिक्योरिटी सुमेर प्रताप, एसपी हेडक्वार्टर मंजीत श्योराण, एसपी सिटी के.एम. प्रियंका सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने इस दौरान टूर्नामेंट के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह न केवल युवाओं में खेल भावना, फिटनेस और आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देता है, बल्कि उन्हें नशे जैसी हानिकारक आदतों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाता है।
नई जर्सी में आकर्षक और दमदार डिजाइन के साथ “बल्ला घुमाओ, नशा भगाओ” का जोशीला टैगलाइन शामिल है, जो क्रिकेट के रोमांच को एक सशक्त सामाजिक संदेश के साथ जोड़ता है। यह पहल दर्शाती है कि खेल सकारात्मक बदलाव का एक प्रभावी माध्यम बन सकता है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद 17 अप्रैल, 2026 को सेक्टर 16 क्रिकेट स्टेडियम, चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में टूर्नामेंट का शुभारंभ करेंगे।
यूटीसीए और चंडीगढ़ पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह गली क्रिकेट टूर्नामेंट वर्ष के प्रमुख खेल आयोजनों में से एक बन चुका है। इसे नगर निगम, सामाजिक कल्याण विभाग, खेल विभाग, शिक्षा विभाग और चंडीगढ़ प्रशासन का भरपूर सहयोग प्राप्त है।
इस अवसर पर संजय टंडन ने कहा, “यह टूर्नामेंट केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह एकता, टीमवर्क और क्रिकेट के प्रति हमारे समुदायों के अटूट प्रेम का उत्सव है। हमें मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया से हम उत्साहित हैं और एक रोमांचक सीजन की उम्मीद कर रहे हैं।”
कार्यक्रम में पूर्व क्रिकेटर रीतिंदर सोढ़ी , डीएसपी विकास श्योकंद, रविंदर सिंह , को-चेयरमैन, गली क्रिकेट, सारांश टंडन, अध्यक्ष, यूटीसीए, हरि सिंह खुराना, सचिव, यूटीसीए सहित चंडीगढ़ पुलिस और यूटीसीए के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
