मस्ती का सफर बना हादसा: हिमाचल घूमने आए 5 दोस्त भटक गए रास्ता : गहरी खाई में समाई कार, मची चीख-पुकार

0

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां घूमने आए पांच दोस्तों की कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

घूमने आए युवक भटके रास्ता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के पर्यटक स्थल ऋषि पराशर का है। यहां पांचों दोस्त बीते बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपनी UP नंबर की कार में सवार होकर मंडी से ऋषि पराशर के लिए रवाना हुए थे। शुरुआत में सफर सामान्य रहा, लेकिन कटौला से आगे बढ़ने के बाद ये लोग रास्ता भटक गए।

सही रास्ते पर जाने की बजाय उनकी गाड़ी बथेरी-गलू रोड की तरफ चली गई। सुबह करीब साढ़े छह बजे जब वे इस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी अचानक कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते गाड़ी सड़क से फिसलकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने जब जोरदार आवाज सुनी तो तुरंत मौके की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को गहरी खाई से बाहर निकाला।

घायलों की पहचान

  • विशाल उम्र 22 साल, पुत्र सुनील कुमार,  निवासी सुलचानी हाउस नंबर 69 हनुमान मंदिर जिला हिसार हरियाणा
  • प्रतीक पुत्र उम्र 22 साल, पुत्र जगमेंद्र सिंह कोहड निवासी 550 उड़ा सेक्टर-6 पार्ट दो जिला हांसी हरियाणा
  • सूरज उम्र 21 साल, पुत्र धर्म सिंह निवासी सुराहड तहसील व जिला झज्जर
  • आर्यन उम्र 22 साल, पुत्र किशन कुमार निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी हुड्डा सेक्टर तहसील एवं जिला हांसी
  • प्रियांस उम्र 21 साल, निवासी खेड़ी तहसील महम जिला रोहतक हरियाणा के रूप में हुई है।

इसके बाद घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटौला पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें ज्यादा होने के कारण सभी को आगे इलाज के लिए जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि एक युवक की हालत बाकी से ज्यादा गंभीर है।

क्या बोले SP मंडी

उधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। SP मंडी विनोद कुमार ने बताया कि सड़क हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रास्ता भटकना और वाहन का अनियंत्रित होना हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *