रेवाड़ी में अवैध गैस सिलेंडर के गोदाम पर खाद्य-आपूर्ति विभाग की छापेमारी, 2500 छोटे सिलेंडर बरामद
रेवाड़ी: खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने मंगलवार शाम को बावल के रसियावास फाटक के पास अवैध रूप से बेचे जाने वाले छोटे सिलेंडरों का गोदाम पकड़ने में सफलता हासिल की. इस गोदाम से लगभग 2500 सिलेंडर बरामद किए गए. टीम ने पुलिस को मौके पर बुलाकर केस दर्ज कराया. जिसके बाद गोदाम मालिक को हिरासत में ले लिया. बता दें कि गोदाम में बेचे जाने वाले पेट्रोमैक्स सिलेंडर इस्तेमाल के दौरान पूरी तरह असुरक्षित माने जाते हैं.
गैस सिलेंडर गोदाम पर खाद्य आपूर्ति विभाग की छापेमारी: खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की इन्फोर्समेंट टीम के इंचार्ज एएफएसओ सत्यप्रकाश, सप्लाई इंचार्ज रविंद्र कुमार और सब इंस्पेक्टर जयबीर सिंह की टीम मंगलवार को कुकिंग गैस की कालाबाजारी की निगरानी के लिए छापेमारी कर रही थी. टीम ने पहले गैस एजेंसियों के स्टॉक की जांच की. इसके बाद बावल के रसियावास रोड पर एक गोदाम पर रेड की.
2500 छोटे गैस सिलेंडर बरामद: कैलाश एंड सन्स के नाम से चल रहे गोदाम में बड़ी संख्या में एक किलोग्राम से पांच किलोग्राम वजन तक के छोटे सिलेंडर भरे हुए थे. देर शाम तक टीम सिलेंडरों की गिनती करने में लगी रही. टीम के अनुसार सिलेंडरों की संख्या 2500 के आसपास होने का अनुमान है. सिलेंडरों का जखीरा मिलने के बाद पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया. जिसके बाद सिलेंडरों को जब्त किया गया और गोदाम संचालक के को हिरासत में लिया गया.
पुलिस हिरासत में गोदाम मालिक: खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सप्लाई इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि “इस तरह के सिलेंडर बेचना पूरी तरह गैर कानूनी है. ये सिलेंडर सिंगल लेयर के बने हुए हैं. गैस का दबाव बढ़ते ही इनके फटने से हादसा होने की पूरी आशंका बनी रहती है. ऐसे सिलेंडरों को बेचने के लिए किसी तरह की कोई अनुमति नहीं दी जाती. फिलहाल पुलिस ने सिलेंडरों को जब्त कर गोदाम मालिक को हिरासत में ले लिया है.”
