असम में बाढ़ का कहर जारी, अब भी गंभीर हालात; 2.6 लाख से अधिक लोग प्रभावित।

गुवाहाटी : असम में सोमवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और राज्य के छह जिलों में करीब 2.6 लाख लोग बाढ़ से पीड़ित हैं, जबकि राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर घट रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लगभग सभी जलमग्न इलाकों से बाढ़ का पानी कम हो रहा है, राज्य के अधिकतर हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश नहीं हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आज बारिश नहीं होती है, तो हमें उम्मीद है कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में स्थिति में काफी सुधार होगा।’’ एएसडीएमए द्वारा रविवार रात जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कामरूप जिले में तीन और लोगों की जान चली गई और छह जिलों में करीब 2.6 लाख लोग बाढ़ से पीड़ित हैं। इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई है।