फतेहाबाद : गलत दिशा से आ रहे ट्रॉले ने पिकअप को मारी टक्कर, किशोर की मौत, एक ही परिवार के 12 श्रद्धालु घायल
हरियाणा के फतेहाबाद में मंगलवार की रात दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि रतिया क्षेत्र के गांव हमजापुर के समीप श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी और तेज रफ्तार ट्रॉले के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में अयाल्की निवासी 15 साल के सतीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव अयाल्की का यह परिवार गांव के ही चौकीदार रामकुमार का है। परिवार के सभी सदस्य मंगलवार की सुबह गांव कालवन में आयोजित एक धार्मिक समारोह में हिस्सा लेने गए थे। दिन भर पूजा-अर्चना और कार्यक्रम में शामिल होने के बाद, रात करीब 8 बजे सभी पिकअप गाड़ी में सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव हमजापुर के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रॉले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घायल रमनजीत ने अस्पताल में बताया कि दुर्घटना का मुख्य कारण ट्रॉले की तेज रफ्तार और गलत दिशा (Wrong Side) थी। चालक लापरवाही से ट्रॉला चला रहा था, जिसके कारण पिकअप के साथ उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबे में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घटना की सूचना तुरंत ‘डायल 112’ पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर और एम्बुलेंस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को तत्काल रतिया के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों के अनुसार अंधेरा होने पर बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस हादसे में महिलाओं और छोटे बच्चों को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में कलावंती (35), बिमला (50), रेशमी, परमजीत (26), पूजा (10), ममता (25), राजेश (25), दीना (22), हैप्पी (21), गुलाब (38), किरण (18) और रमनजीत (35) शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत नाजुक है।
फतेहाबाद पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रॉला चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सतीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
