‘क्या गृहमंत्री ने इस्तीफा दिया, जिम्मेदारी कौन लेगा’; प्रियंका गांधी ने केंद्र पर दागे सवाल

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर लोकसभा में केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने 26 बेकसूरों को भगवान के भरोसे छोड़ दिया था।
प्रियंका ने कहा, “मैं उन सभी जवानों को नमन करना चाहती हूं, जो हमारे देश के रेगिस्तानों में, घने जंगलों में, बर्फीली पहाड़ियों में… हमारे देश की रक्षा करते हैं। जो हर पल देश के लिए अपनी जान देने के लिए तैयार रहते हैं। 1948 से लेकर अब तक- जब पाकिस्तान की तरफ से कश्मीर पर हमला किया गया- हमारे देश की अखंडता की रक्षा करने में हमारे जवानों का बड़ा योगदान है।”
कांग्रेस सांसद ने कहा, “मैं पूछना चाहती हूं कि देश के नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? क्या इस देश के प्रधानमंत्री की नहीं है? क्या इस देश के गृह मंत्री की नहीं है? क्या इस देश के रक्षा मंत्री की नहीं है? क्या इस देश के NSA की नहीं है?”
प्रियंका गांधी ने सवाल पूछा कि जब सरकार यह दावा कर रही थी कि कश्मीर में आतंकवाद कैसे कम हुआ है? सरकार पर हमला बोलते हुए गांधी ने कहा कि आप इतिहास की बात करते रहिए हम वर्तमान की बात करेंगे।
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत हुई थी तो पूरा देश एकजुट था। प्रधानमंत्री जी ने श्रेय लिया लेकिन सिर्फ श्रेय लेने से ही जिम्मेदारी पूरी नहीं होती है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार हुआ जब जंग होते-होते रूक गई। और यह ऐलान भारतीय सेना या सरकार ने नहीं किया बल्कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने की। इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान का विभाजन कर के दिखाया था।