महात्मा गांधी की पुण्यतिथि: श्रद्धांजलि देने के बाद ताली बजाने लगे बिहार के CM नीतीश, विधानसभा अध्यक्ष ने रोका

0

महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार (30 जनवरी) को पूरे देश में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुए। बिहार की राजधानी पटना में भी गांधी घाट पर कार्यक्रम हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव और मंत्री अशोक चौधरी मौजूद थे। 2 मिनट के मौन के बाद, जैसे ही कार्यक्रम समाप्त हुआ, मुख्यमंत्री ने ताली बजानी शुरू कर दी। यह देखकर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा भी कुछ क्षण के लिए भ्रमित हो गए। पहले उन्होंने भी ताली बजाने की कोशिश की, लेकिन तुरंत हाथ नीचे कर लिया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने मुख्यमंत्री को रोका।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ताली बजाने की घटना पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा, “बिहार के मुख्यमंत्री ने ताली बजाकर महात्मा गांधी के विचारों को मानने वालों का अपमान किया है। बापू के अनुयायी इससे आहत हैं। यह उनके प्रति अनादर का संकेत है।” विपक्ष ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति पर भी सवाल उठाया। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी हरकतों से चर्चा में आए हैं। 30 नवंबर 2023 को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान उन्होंने मंत्री अशोक चौधरी की कलाई में बंधे रुद्राक्ष वाले ब्रेसलेट को छूना शुरू कर दिया था। अशोक चौधरी सदन में सरकार की योजना पर बोल रहे थे, तभी मुख्यमंत्री ने उनकी कलाई की ओर ध्यान दिया और अचानक हाथ बढ़ाकर ब्रेसलेट को छूने लगे। इस पर मंत्री खुद भी मुस्कुराने लगे और सभा में मौजूद नेता भी चौंक गए थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 18 जून 2024 को मंत्री अशोक चौधरी और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के सिर आपस में टकरा दिए थे। इसके पहले 18 सितंबर 2023 को उन्होंने पत्रकार से मजाक करते हुए मंत्री अशोक चौधरी का सिर उनसे भिड़ा दिया था। 21 सितंबर 2023 को मुख्यमंत्री ने अशोक चौधरी के कंधे पर सिर रखकर उन्हें गले लगा लिया और कहा, “हम इन्हें बहुत प्यार करते हैं।” जब उनसे पूजा-पाठ को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और किसी भी परंपरा के खिलाफ नहीं हैं।

नीतीश कुमार हाल ही में तब भी सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने 13 नवंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छुए थे। पीएम मोदी उस दिन दरभंगा एम्स की आधारशिला रखने पहुंचे थे। वीडियो में दिखा कि नीतीश कुमार अपना भाषण समाप्त करने के बाद अपनी कुर्सी की ओर बढ़े। पीएम मोदी ने उन्हें कुर्सी की ओर इशारा किया, लेकिन बैठने से पहले नीतीश ने झुककर उनके पैर छू लिए। इससे पहले भी 7 जून 2023 को उन्होंने दिल्ली में NDA की बैठक में पीएम मोदी के पैर छुए थे। 3 नवंबर 2023 को पटना में चित्रगुप्त पूजा के दौरान उन्होंने पूर्व सांसद आरके सिन्हा के भी पैर छुए थे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *