टटीहरी गाने पर विवाद : महिला आयोग के सामने सिंगर बादशाह की पेशी आज, नहीं आए तो भी होगी कार्रवाई

0

हरियाणवी गीत ‘टटीहरी’ को लेकर उठे विवाद में आज गायक बादशाह की पेशी हरियाणा महिला आयोग के सामने तय है। आयोग ने मामले की सुनवाई 13 मार्च को सुबह 11:30 बजे पानीपत के जिला उपायुक्त कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में रखी है। आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने कहा कि सुबह 11.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक ऑफिस में मौजूद रहूंगी, इसी बीच बादशाह को अपनी पेशी पर आना होगा और गाने में प्रयोग आपत्तिजनक शब्द का कोई दूसरा अर्थ भी बताना होगाl

आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और गीत में इस्तेमाल किए गए शब्द महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारी माताओं और बेटियों की इज्जत पर कीचड़ उछालने जैसा है, इसलिए किसी भी कीमत पर इसे बख्शा नहीं जाएगा।

रेनू भाटिया ने साफ कहा कि बादशाह पेश हों या न हों, दोनों ही स्थिति में आयोग कार्रवाई करेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार तारीख लेकर बचने की कोशिश नहीं चलेगी। जरूरत पड़ी तो आयोग उनके खिलाफ नोटिस जारी करने के साथ पासपोर्ट जब्त करने और विदेश यात्रा पर रोक लगाने की भी सिफारिश करेगा।

यह मामला पानीपत की सामाजिक कार्यकर्ता सविता आर्य और शिव आरती इंडिया फाउंडेशन के निदेशक शिव कुमार की शिकायत के बाद सामने आया था। शिकायत में कहा गया कि हरियाणवी संस्कृति पर आधारित बताए जा रहे गीत ‘टटीहरी’ में कुछ शब्द सामाजिक मर्यादा और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ हैं।

आयोग ने पानीपत के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि समन में नामजद सभी लोगों की सुनवाई के दौरान मौजूदगी सुनिश्चित कराई जाए।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *