LPG किल्लत की अफवाहों पर सख्त सीएम सैनी, बोले- “हरियाणा में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य”

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घरेलू एलपीजी गैस की कथित किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर स्पष्ट बयान दिया है. सीएम ने कहा कि, “हरियाणा में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध है. मिडिल ईस्ट में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण गैस की सप्लाई प्रभावित होने की जो खबरें फैलाई जा रही हैं, वे भ्रामक हैं और प्रदेशवासियों को ऐसी अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए.”

वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के साथ बैठक: सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को लेकर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक की. बैठक में राज्य में ईंधन और गैस की उपलब्धता की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आपूर्ति तंत्र पूरी तरह सक्रिय है और कहीं भी वितरण व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है.

तेल कंपनियों ने दिया पर्याप्त स्टॉक का भरोसा: सीएम ने जानकारी दी बैठक के दौरान तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. कंपनियों ने बताया कि घरेलू गैस की आपूर्ति लगातार जारी है और उपभोक्ताओं तक सिलेंडर नियमित रूप से पहुंच रहे हैं. वितरण नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है और किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है.

आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देने की व्यवस्था: हरियाणा सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि यदि कहीं कामर्शियल सिलेंडरों की मांग अधिक हो तो अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जाए. तेल कंपनियां शेष आपूर्ति को भी सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं ताकि किसी क्षेत्र में समस्या न हो.

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती: मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की चोरी, कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए. प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

घबराहट से बचने की अपील: मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अनावश्यक घबराहट में गैस या ईंधन का भंडारण न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर घर तक घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *