सीएम नायब सैनी का बड़ा एलान, हरियाणा में जेल वार्डनों को मिलेगा पुलिस के समान भत्ता; प्रमोशन के लिए होंगे नए नियम

0

करनाल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जेल प्रशिक्षण अकादमी करनाल में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह को प्रदेश के जेल वार्डरों के लिए यादगार बना दिया। उन्होंने जेल वार्डरों के हितों को ध्यान में रखकर कई घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री ने जेल वार्डर और पुलिस कॉन्स्टेबल की पदोन्नति, सेवा विस्तार और भत्तों में विसंगतियों को दूर करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब जेल वार्डर को 18 वर्ष की सेवा अवधि में हेड वार्डर के पद पर पदोन्नति मिलेगी। सुधारात्मक सेवा पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को एक वर्ष के सेवा-विस्तार का लाभ मिलेगा। जेल वार्डर व हेड वार्डर को भी पुलिस कांस्टेबल के समान भत्ता मिलेगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राशन भत्ते को बढ़ाकर 1500 रुपये, परिवहन भत्ते को 50 रुपये से बढ़ाकर 720 रुपये और वर्दी भत्ता बढ़ाकर साढ़े सात हजार रुपये करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को जेल प्रशिक्षण अकादमी में दीक्षांत परेड समारोह में मुख्य अतिथि विचार व्यक्त करते हुए यह घोषणाएं की। दीक्षांत परेड में जेल सेवा में समर्पित हुए 116 कर्मचारियों ने भाग लिया।

कैदी जेल से बाहर आने पर सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सके और समाज की मुख्यधारा में जुड़ सके। इसी दिशा में पांच जेलों में आईटीआई के डिप्लोमा कोर्स व पॉलीटेक्निक कोर्स की शुरुआत की गई है। ये कौशल प्राप्त करने वाले कैदियों को सजा की अवधि समाप्त होने पर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से रोजगार देने के लिए निगम से एमओयू भी किया गया है। कैदियों के रोजगार के लिए सरकार ने प्रदेश की आठ जेलों में पेट्रोल पंप खोले हैं।

इसके अलावा अगले महीने तक चार और जेलों में पेट्रोल पंप खोले जाएंगे। प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दी और मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कारागार विभाग के महानिदेशक आलोक मित्तल ने कहा कि करनाल में नवनिर्मित जेल अकादमी से विभाग के आधुनिकीकरण एवं व्यावसायिक दक्षता की दिशा में अहम कदम हैं।

जेल अकादमी में पत्रकारों से बातचीत में सीएम नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर की गई टिप्पणी पर कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही यह विषय छुपा हुआ है। राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। वैसे तो उन्होंने 1984 के दंगों की माफी आज तक नहीं मांगी है, वह इस बयान पर तो क्या माफी मांगेंगे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर