चंडीगढ़ पुलिस ने किए खुलासे: बीजेपी ऑफिस के बाहर कैसे हुआ धमाका, किस बम का हुआ इस्तेमाल?
चंडीगढ़ में बुधवार को तकरीबन शाम पांच बजे बीजेपी के पंजाब मुख्यालय के बाहर धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए और दीवारों पर छर्रे के निशान हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हमले में संदिग्ध व्यक्तियों ने ग्रेनेड का इस्तेमाल किया है। वायरल वीडियो में एक आसमानी कलर के ग्रेनेड को आसानी से देखा जा सकता है। हमलावरों को यह बम कैसे और कहां मिली, पुलिस टीम इसकी पड़ताल में जुटी है।
हमले से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक व्यक्ति ग्रेनेड की पिन खोलकर उसे फेंकता है और मौके से फरार हो जाता है। पुलिस ने अन्य सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो फुटेज में दो संदिग्धों की पहचान की गई है। उन्हें पकड़ने के लिए इलाका सील कर दिया गया।
पुलिस टीम ने जब सीसीटवी कैमरे खंगालकर बाइक का नंबर ट्रेस किया तो सामने आया नंबर प्लेट फर्जी है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों के स्कैच जारी कर सकती है।
इस हमले को सिर्फ कानून-व्यवस्था की घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा दफ्तर को निशाना बनाना कई सियासी सवाल खड़े करता है।
खास बात यह भी है कि सेक्टर-33 में भी भाजपा का दफ्तर मौजूद है, लेकिन हमला सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय पर ही हुआ। इससे यह सवाल उठता है कि क्या यह सोची-समझी टारगेटिंग थी?
हमले की जिम्मेदारी खालिस्तान समर्थक आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर ने ली है। उसने फेसबुक पर इस बाबत पोस्ट भी किया है। ज्ञात हो कि हाल के दिनों में शहर में कई बार मिल चुकी है धमाकों की धमकी
पिछले कुछ समय से चंडीगढ़ के स्कूलों, जिला अदालत, हाई कोर्ट और पंजाब सचिवालय सहित कई स्थानों पर बम धमाके की धमकियां मिल रही हैं।
इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कई बार क्षेत्रों को खाली करवाया और तलाशी अभियान चलाया। उस दौरान कुछ संदिग्ध नहीं मिला था। ताजा घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को रात के समय भी गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी के के निर्देश दिए हैं।
