चंडीगढ़ न्यूज़: धनास में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान 75 लोगों को लिया हिरासत में।

स्वतंत्रता दिवस 2025 के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने सोमवार अलसुबह 5 बजे सारंगपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, धनास में विशेष कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (सीएएसओ) चलाया। यह अभियान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता में सुरक्षा का भाव बढ़ाने और असामाजिक तत्वों की पहचान के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस तलाशी अभियान में चंडीगढ़ पुलिस के केंद्रीय उपमंडल और अन्य इकाइयों से कुल 175 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। अभियान से पूर्व पुलिस बल को सारंगपुर थाने में एकत्र कर एसडीपीओ सेंट्रल और एसएचओ सारंगपुर द्वारा पूरी जानकारी के साथ ब्रीफिंग दी गई।
इसके बाद पूरे क्षेत्र को बेरिकेटिंग व नाकों के माध्यम से सील कर दिया गया। इस सघन तलाशी अभियान के दौरान कुल 1300 घरों की जांच की गई। पुलिस ने 186 असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटरों और जेल से छूटे हुए अपराधियों का सत्यापन किया। इसके अतिरिक्त 15 अजनबी व्यक्तियों के ‘स्ट्रेंजर रोल’ भी बनाए गए। वहीं, 108 वाहनों की जांच के दौरान 10 वाहनों को चालान व जब्त किया गया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कुल 75 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का यह तलाशी अभियान न केवल आपराधिक गतिविधियों को रोकने की दिशा में एक सख्त कदम था, बल्कि इससे आम जनता में भी सुरक्षा और विश्वास की भावना को बल मिला है। चंडीगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार के अभियान जारी रहेंगे ताकि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।