चंडीगढ़ में मंत्री के ड्राइवर की गोली लगने से मौत, पुलिस ने बताया एक्सीडेंटल फायर, पिस्टल साफ करते समय हुआ हादसा
चंडीगढ़ के सेक्टर-23 में मंगलवार रात एक 43 वर्षीय व्यक्ति की उसकी लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तारा चंद (43) के रूप में हुई है, जो सेक्टर-23 का निवासी था और मूल रूप से हरियाणा के रोहतक से संबंध रखता था। वह हरियाणा में मंत्री की कार सेक्शन में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, तारा चंद अपने घर पर पिस्टल की सफाई कर रहा था, तभी अचानक पिस्टल से गोली चल गई, जो उसके सिर (कनपटी) में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर उसकी पत्नी और बेटे ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जीएमएसएच-16 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना प्रभारी रोहित कुमार अपनी टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
प्राथमिक जांच और तथ्यों के सत्यापन के बाद पुलिस ने इसे आकस्मिक घटना (एक्सीडेंटल फायर) मानते हुए किसी भी तरह की साजिश या संदिग्ध पहलू से इनकार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीएमएसएच-16 के मोर्चरी में रखवाया और इन्क्वेस्ट कार्रवाई शुरू कर दी है।
