बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई और इस स्टेट में टैक्स फ्री हुई विक्की कौशल की छावा, आदेश जारी

विक्की कौशल स्टारर फिल्म छावा बीते 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब तक फिल्म ने 188 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई कर ली है। इस साल की अब तक की बॉलीवुड की सबसे बड़ी सुपरहिट फिल्म का खिताब भी छावा के नाम ही हो गया है। अब इस फिल्म की दीवानगी भी लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है। फिल्म के सीन्स और सिनेमाघरों का माहौल दोनों ही वीडियो के रूप में सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। अब फिल्म को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन लाल यादव ने खुद एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इकी जानकारी दी है।
इससे पहले बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने भी इतिहास से छेड़छाड़ न करने के लिए विक्की कौशल की फिल्म की प्रशंसा की और राज्य में फिल्म को कर मुक्त करने की मांग पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। सीएम फडनवीस ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर एक बहुत अच्छी फिल्म बनाई गई है। हालांकि मैंने अभी तक इसे नहीं देखा है, लेकिन मैंने लोगों से सुना है कि यह फिल्म इतिहास से छेड़छाड़ किए बिना बनाई गई है।’
महाराष्ट्र के सीएम ने कहा, ‘हम देखेंगे कि इस फिल्म को बढ़ावा देने और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए हम क्या कर सकते हैं।’ इससे पहले, मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन ने फड़नवीस से महाराष्ट्र में छावा को कर मुक्त घोषित करने का अनुरोध किया था। जिसमें उन्होंने कहा था, ‘हमारे पूर्वज छत्रपति संभाजी महाराज की सेना में योद्धा थे और युद्ध के मैदान में उनके साथ लड़े थे।’ मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तालेकर ने कहा, हमारे लिए छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज दोनों श्रद्धेय व्यक्ति हैं।