भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले- LPG की स्थिति पर सरकार दे स्पष्ट जवाब, ब्लैक मार्केटिंग पर लगे रोक

0

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूुपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर स्पष्ट स्थिति बतानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के अलग-अलग नेता अलग-अलग बयान दे रहे हैं, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

प्रेस कांफ्रेंस में हुड्डा ने कहा कि अगर किसी के घर शादी जैसे कार्यक्रम हैं तो उसे गैस की तत्काल जरूरत होती है। ऐसे में गैस की कमी और सप्लाई में दिक्कत लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस को लेकर ब्लैक मार्केटिंग भी हो रही है, जिस पर सरकार को सख्ती से रोक लगानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि गैस का उपयोग खाद (उर्वरक) बनाने में भी होता है और यदि गैस की सप्लाई प्रभावित होती है तो खाद की उपलब्धता पर भी असर पड़ सकता है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में दो सीटें हैं और मौजूदा स्थिति के अनुसार एक सीट कांग्रेस और एक सीट भाजपा को मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बजट सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए वह शुक्रवार को पार्टी विधायकों के साथ लंच बैठक करेंगे। सतलुज यमुना लिंक नहर (Sutlej Yamuna Link Canal) को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि इस मामले में फैसला पहले ही सुप्रीम कोर्ट दे चुका है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल का मुद्दा बजट में नहीं उठाया गया, लेकिन कांग्रेस ने इसे विधानसभा में उठाया था।

हुड्डा ने भाजपा सरकार पर किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि धान और आलू को लेकर घोटाले हुए हैं। साथ ही कहा कि सरसों की सरकारी खरीद किसानों की उपज बिकने के बाद शुरू की जाती है, जिससे किसानों को नुकसान होता है। हुड्डा ने अभय सिंह चौटाला (Abhay Singh Chautala) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह भाजपा की “बी टीम” की तरह काम कर रहे हैं और उन्हें राज्यसभा चुनाव को लेकर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर